उत्तर प्रदेशः संगमनगरी प्रयागराज में भगवान श्री सत्य साईं बाबा का जन्मोत्सव आगामी 23 नवंबर को दुर्गा पूजा पार्क एवं साईं कृपा मंदिर, अशोकनगर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उक्त जानकारी श्री सत्य साईं सेवा संगठन प्रयागराज के वरिष्ठ सदस्य राहुल उपाध्याय (मिंटू भैया) ने दी। उन्होंने बताया कि साईं कृपा मंदिर एवं दुर्गा पूजा पार्क में प्रतिवर्ष बाबा का जन्मोत्सव धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों के साथ मनाया जाता है, उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल नगर संकीर्तन के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव को आत्मसात करते हुए गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा की जाएगी, इस दौरान जरूरतमंदों को वस्त्र एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत समिति द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई मशीनें भी प्रदान की जाएंगी, ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें, राहुल उपाध्याय ने कहा कि भगवान श्री सत्य साईं बाबा ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा और परोपकार के लिए समर्पित किया, बाबा सदैव दीन-दुखियों की सेवा करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित करते रहे। उनका संदेश है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
जन्मोत्सव कार्यक्रम का समापन शाम को भव्य महा मंगल आरती के साथ होगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं एवं साईं भक्तों से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
![]()

